पीने का पानी, बिजली आपूर्ति न होने के चलते महिलाओं ने प्रदर्शन किया

कहा: 2 दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अधिकारियों का करेंगी घेराव

Published On

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में हनुमान ढ़ाणी टिब्बा बस्ती गली नं. 3 में पीने का पानी व बिजली आपूर्ति नहीं होने से सम्बंधित विभाग जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व विद्युत आपूर्ति निगम के अधिकारियों के विरुद्ध महिलाओं का गुस्सा फूटा तथा उनके विरुद्ध प्रदर्शन किया। इस मौके पर जन संघर्ष समिति के संयोजक व माकपा जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश व सम्बंधित वार्ड के पार्षद मास्टर अनिल कुमार उनके बीच पहुंचे तथा समस्या की पूरी जानकारी ली और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता तथा एसडीओ से टेलीफोन पर बातचीत करके पीने के पानी की शीघ्र आपूर्ति बहाल करने को कहा तथा मौके पर ही सुपरवाइजर मोहन को बुलाया गया। उन्होंने गलीवासियों को 2 दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया और मौके पर विद्युत वितरण निगम के कर्मचारी पहुंचे और उन्होंने गली में खराब हुई तारों को ठीक कर दिया। 

पानी की समस्या हो रही विकराल

कामरेड ओम प्रकाश ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा को बताया कि डाबर कालोनी वाटर वर्क्स पर बार-बार बिजली जाने व फाल्ट आने से आगे पानी आपूर्ति करने में भारी समस्या आ रही है, इसलिए वे विद्युत निगम के अधिकारियों से मिलकर बिजली आपूर्ति अबाध गति से सुनिश्चित करवाएं। अन्यथा आगे शहर की जनता को पीने का पानी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल पार्क के साथ लगा ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से पतराम गेट व चेजारान ढ़ाणी की बिजली दो दिन गायब रही है और अब भी रात को कई बार घंटों ट्रिप मार जाती है।

पूरे शहर में पीने का पानी नहीं आने तथा बिजली संकट से जनता में हा-हाकार मचा हुआ है, यहां तक भी नागरिक हस्पताल व मैडिकल कालेज में भी पीने का पानी नहीं आ रहा है और बाथरूम में भी पानी नहीं है। वहां कई कूलर होने के बाद भी मरीजों के लिए तीमारदार बाहर से पानी ला रहे हैं। सम्बंधित प्रशासन व जनप्रतिनिधि इन समस्याओं के समाधान की बजाए आंख बंद करके संवेदनहीन बने हुए हैं। 

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में उनकी बिजली पानी सम्बंधित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे अधिकारियों का उनके कैंप कार्यालय में घेराव करने पर मजबूर होंगे। 

प्रदर्शन में शामिल होने वालों में अमन, होली, कृष्ण, युद्धवीर, संतोष, चन्द्रकला, संतरा, बिमला, भानी देवी, शीला देवी, रेखा, सीमा, पूजा, बिमला, सुमन, ममता व कांता शामिल रहीं।

Bhiwani News
Bhiwani News: प्रशासन व अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी करती हुईं महिलाएं। 

About The Author

Related Posts