Python Snake: 50 किलो वजनी अजगर का किया रेस्क्यू 

छछरौली में 15 फुट लंबे अजगर का रेस्क्यू

Published On

प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Ajgar News: छछरौली क्षेत्र के गांव भीलपुरा में 50 किलो वजनी अजगर का टीम ने रेस्क्यू किया। इससे पहले उस वक्त क्षेत्र में हड़कंप मच गया जब खेतों में घूम रही एक बकरी को 15 फुट लंबे और 50 किलो वजनी अजगर ने अपना शिकार बना लिया। अजगर ने बकरी को अपने  चंगुल में लेकर उसकी जान ले ली व निगल गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बकरी को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल न हो सके। इसके बाद वन्यजीव विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। 

ग्रामीण ने दी जानकारी 

इससे पूर्व ग्रामीण मुनसिर ने वन्य विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी व बताया कि वह रोजाना की तरह रविवार की शाम को जंगल से सटे खेतों में अपनी बकरियां चराने के लिए गया था। बकरियां खेत में चर रही थीं, जबकि वह कुछ दूरी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाते हुए बताया कि खेत में एक बड़ा अजगर दिखाई दिया है। बच्चों की आवाज सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि खेत में हल्के भूरे रंग का करीब 14 से 15 फुट लंबा विशालकाय अजगर पड़ा हुआ था। उसका पेट एक स्थान से असामान्य रूप से फूला हुआ था, जिससे लग रहा था कि उसने अभी-अभी कोई बड़ा शिकार किया है।

जब उसने अपनी बकरियों की गिनती की तो एक बकरी गायब मिली। उसे तुरंत आशंका हुई कि अजगर ने उसी बकरी को निगल लिया है। इसके बाद उसने बिना देर किए वन्यजीव विभाग को सूचना दी। मुनसिर के अनुसार यह पहली बार नहीं है, जब उसकी बकरी अजगर का शिकार बनी हो। पिछले वर्ष भी इसी तरह एक अजगर उसकी दो बकरियों को निगल गया था। वन्यजीव विभाग के कर्मचारी संजीव ने बताया कि टीम ने सुरक्षित तरीके से अजगर का रेस्क्यू किया है। उन्होने कहा कि अजगर जहरीले नहीं होते, लेकिन वे बेहद शक्तिशाली होते हैं। वन्यजीव विभाग के अनुसार अजगर जहरीले नहीं होते, लेकिन वे बेहद शक्तिशाली होते हैं।

बारिश में अक्सर जंगल से बाहर आ जाते हैं अजगर 

संजीव ने बताया कि भीलपुरा क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है। बरसात के मौसम और भोजन की तलाश में अजगर व अन्य वन्यजीव कई बार खेतों और आबादी के नजदीक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अजगर या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराने या उन्हें मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दें।

Ajgar News 
Ajgar News: वन्य प्राणी विभाग अजगर को रेस्क्यू करते हुए। 

About The Author

Related Posts