School News: हरियाणा के 1107 स्कूलों पर कार्रवाई, सरसा के 16 स्कूलों का एमआईएस पोर्टल ब्लॉक

केंद्रीय विद्यालय-2 का नाम भी सूची में शामिल , शिक्षा विभाग बोला केवी आरटीई पोर्टल के दायरे में नहीं

Published On

सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा शिक्षा विभाग (Haryana Education Department) ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत सत्र 2026-27 के लिए सीटों की घोषणा नहीं करने तथा अन्य तकनीकी व मान्यता संबंधी खामियों वाले प्रदेश के 1107 निजी स्कूलों का एमआईएस (मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम) नंबर ब्लॉक कर दिया है। विभाग की ओर से जारी सूची में सरसा जिले के भी 16 स्कूल शामिल हैं। हालांकि शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि इन स्कूलों का एमआईएस ब्लॉक होने के पीछे सिर्फ आरटीई सीटें प्रदर्शित नहीं करना ही कारण नहीं है, बल्कि इनमें कई स्कूल ऐसे हैं जिनके पास मान्यता नहीं है, कुछ के डबल कोड बने हुए हैं, जबकि कुछ स्कूल लंबे समय से बंद हैं। School News

शनिवार से एमआईएस ब्लॉक स्कूल लिस्ट फॉर सेशन 2026-27 शीर्षक वाली सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सूची में सरसा जिले के 16 स्कूलों का उल्लेख होने के बाद अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बन गई। वायरल सूची के अनुसार इनमें छह प्राइमरी, सात मिडिल, दो हाई तथा एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। सबसे अधिक चर्चा केंद्रीय विद्यालय-2 सरसा का नाम सूची में शामिल होने को लेकर हो रही है।

इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय विद्यालय आरटीई के इस ऑनलाइन पोर्टल और प्रवेश प्रक्रिया के दायरे में नहीं आता। ऐसे में तकनीकी कारणों से उसका नाम सूची में शामिल हो गया है। इससे विद्यालय की मान्यता या प्रवेश प्रक्रिया पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ता। अधिकारियों के अनुसार जिन स्कूलों का एमआईएस नंबर ब्लॉक किया गया है, उनमें अधिकांश मामलों में मान्यता संबंधी दस्तावेज पूरे नहीं हैं, कुछ संस्थानों के दो-दो कोड बने हुए हैं, जबकि कुछ स्कूल बंद होने के बावजूद रिकॉर्ड में दर्ज थे। School News

विभाग ऐसे मामलों की अलग-अलग समीक्षा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा। जिन स्कूलों की कमियां दूर हो जाएंगी और आवश्यक दस्तावेज पूरे होंगे, उनके मामलों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। राज्य स्तर पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना तथा केवल मान्यता प्राप्त और नियमों का पालन करने वाले स्कूलों को ही ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली से जोड़ना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभिभावक किसी भी वायरल सूची के आधार पर भ्रमित न हों और स्कूल से संबंधित जानकारी विभागीय पोर्टल या संबंधित शिक्षा कार्यालय से ही प्राप्त करें।

एमआईएस पोर्टल ब्लॉक होने पर क्या होगा असर

एमआईएस पोर्टल ब्लॉक होने के बाद संबंधित स्कूलों की ऑनलाइन शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो जाती हैं। ऐसे स्कूल नए विद्यार्थियों का दाखिला नहीं कर सकते और न ही प्रवेश से संबंधित कोई ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों का रिकॉर्ड अपडेट करने सहित अधिकांश ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य भी नहीं किए जा सकते। हालांकि जरूरत पड़ने पर स्कूल केवल पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों की स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी/टीसी) जारी करने की प्रक्रिया ही पूरी कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल सूची की आधिकारिक पुष्टि सोमवार को कार्यालय में रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद ही की जा सकेगी। सूची में शामिल सरसा जिले के अधिकांश स्कूल या तो डबल कोड वाले हैं या फिर उनके पास मान्यता नहीं है। School News
अमित मनहर, आरटीई नोडल अधिकारी सरसा।

About The Author

Related Posts