बच्ची को बेचने के आरोप में चार महिलाएं गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
नवजात तस्करी का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत चार महिलाएं गिरफ्तार
अहमदाबाद (एजेंसी)। Ahmedabad News: एक नवजात शिशु की तस्करी के मामले में अदमदाबाद पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर कथित तौर पर बच्ची की बिक्री आरोप है। नेटवर्क की जांच करते हुए पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस निरीक्षक एए वाचेता की ओर से जानकारी दी गई कि 4 जुलाई को पुलिस स्टेशन में शिकायत की गई थी कि जागृति बच्ची को घर पर खिलाने के लिए ले गई थी। जागृति ने दो-तीन दिन तक बच्ची को घरवालों को नहीं दिया, तो घरवाले बच्ची को लेने गए। तब उसने कहा कि मैंने जो पैसे दिए थे, वे अभी तक लौटाए नहीं गए हैं। मैंने बच्ची को एक अच्छे घर में दे दिया है; उसके पैसे भी दे दूंगी।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी होते ही हमारी ओर से तत्काल केस दर्ज किया गया और कार्रवाई करते हुए 6 घंटे के अंदर बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में हमारी ओर से सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि बच्ची के पिता ने जागृति से एक लाख रुपए उधार लिया था और आर्थिक समस्या होने की वजह से वे पैसे नहीं लौटा पा रहे थे। जागृति ने बच्ची को किसी और को बेच दिया था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि बच्ची को एक लाख 50 हजार में बेचा गया था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि जागृति को 5 हजार रुपए मिले थे। अन्य आरोपियों को कितना पैसा मिला, इसकी जांच जारी है। इस मामले में अभी तक चार आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
