भिवानी में बिजली संकट पर लोगों का विरोध, सब स्टेशन पर सेक्टरवासियों का प्रदर्शन

विभाग ने मांगा एक सप्ताह का समय, डीसी के आदेश के बाद भी नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था 

Published On

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी के सेक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड, ईडब्ल्यूएस और सेक्टर-23 में लगातार गहराते बिजली संकट को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। बार-बार होने वाले फॉल्ट, कम वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से परेशान नागरिकों ने नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा के नेतृत्व में सोमवार को सेक्टर-13 स्थित 33 केवी बिजली सब-स्टेशन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। विभाग के उपमंडल अभियंता (एसडीओ) अंकित ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया और एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का लिखित आश्वासन दिया।

इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पंचगावा ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में बार-बार बिजली गुल होना, ढीले तारों के कारण फॉल्ट होना और कम वोल्टेज आना नागरिकों के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि एसडीओ अंकित ने मौके पर पहुंचे उनसे एक सप्ताह का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल धरने को टाल दिया गया, लेकिन 7 दिनों के भीतर जर्जर तार बदलने, पेड़ों की छंटाई और तकनीकी स्टाफ की कमी जैसी मुख्य मांगों पर काम पूरा नहीं हुआ, तो अगले सप्ताह से क्षेत्रवासी कम्युनिटी सेंटर या सब-स्टेशन पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

लटकी हुई बिजली की तारों को तुरंत बदला जाए

विजय पंचगावा ने कहा कि उनकी मांगों में पूरे क्षेत्र में लटके हुए और जर्जर हो चुके बिजली के तारों को तुरंत बदला जाए, बिजली लाइनों के नीचे और उनके आसपास फैले पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई की जाए, सब-स्टेशन पर पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति हो और इस बड़े क्षेत्र के लिए एक अलग बिजली बीट बनाई जाए, सब-स्टेशन और ट्रांसफार्मर जैसे विद्युत उपकरणों की नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित की जाए, बिजली कटने या फॉल्ट होने पर उपभोक्ताओं को इसकी वजह और बिजली वापस आने के संभावित समय की सटीक जानकारी दी जाए। आदि है।

वहीं दूसरी तरफ विजय पंचगावा और सेक्टरवासियों ने सेक्टर में पेयजल की समस्या में सुधार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद किया। इसके साथ ही अंबेडकर पार्क से सिटी स्टेशन तक के मार्ग के बीच में लगे करब (डिवाइडर के पत्थर) को हटाकर कट खोलने और वहां एक मिनी चौक बनाने का आश्वासन देने पर हुडा प्रशासक सुशील कुमार और एक्सईन भूपेंद्र सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों को शांत करने पहुंचे अधीक्षक अभियंता के प्रतिनिधि एवं उपमंडल अभियंता अंकित ने माना कि क्षेत्र में मेंटेनेंस की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर सभी प्रमुख और जायज मांगों पर कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके।

Bhiwani News
Bhiwani News: एसडीओ को ज्ञापन सौंपते सैक्टरवासी। छाया: नितिन।

About The Author

Related Posts