शिक्षा और रोजगार
Road Accident: गलत दिशा से आई दूध सप्लाई पिकअप ने ई-स्कूटी को मारी टक्कर, दंपती घायल
रावतसर-धन्नासर मार्ग पर हुआ हादसा, गंभीर घायल व्यक्ति हायर सेंटर रेफर
हनुमानगढ़। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार दूध सप्लाई पिकअप की टक्कर से ई-स्कूटी सवार दंपती घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर किया गया। घटना के संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार ताराचंद (52) पुत्र काशीराम कुम्हार निवासी वार्ड नंबर 34, रावतसर ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसका भाई महेंद्र पुत्र काशीराम कुम्हार अपनी पत्नी संतोष के साथ ई-स्कूटी पर सवार होकर रावतसर से ग्राम धन्नासर जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर करीब 12.30 बजे जब दोनों चक 29 डीडब्ल्यूडी के बस स्टैंड (सरदारशहर मेगा हाइवे रोड) के पास पहुंचे, तभी धन्नासर की ओर से आ रही एक दूध सप्लाई पिकअप संख्या आरजे 13-3910 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर ई-स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में महेंद्र और संतोष दोनों घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल रावतसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे नारंग हॉस्पिटल, हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार जारी है, जबकि संतोष का भी उपचार कराया गया। रावतसर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई प्रेम कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। जिले के फेफाना थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में घायल के पिता की रिपोर्ट पर फेफाना थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोहन सिंह (57) पुत्र भादर राम बावरी निवासी फेफाना ने रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि 11 जुलाई को उनका पुत्र राजपाल (35) अपनी मोटर साइकिल नंबर एचआर 24 एल 1104 से नोहर दवाइयां लेने गया था। राजपाल दवा लेकर नोहर से वापस फेफाना लौट रहा था।
इसी दौरान भादरा मोड़ से रामसरा की ओर नोहर-सिरसा रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने तेज गति एवं लापरवाही से उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल राजपाल को तत्काल नोहर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। परिवादी मोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि घायल राजपाल ने भी उन्हें यही जानकारी दी कि अज्ञात वाहन ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मारी थी। फेफाना थाना पुलिस ने रिपोर्ट एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शिवभगवान को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। Hanumangarh News