शिक्षा और रोजगार
टिब्बी धान क्षेत्र में कृषि विद्युत आपूर्ति 8 घंटे करने की मांग, भारतीय किसान संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
धान रोपाई के लिए कृषि बिजली 8 घंटे करने की मांग
टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: भारतीय किसान संघ, तहसील शाखा टिब्बी द्वारा सोमवार को टिब्बी धान क्षेत्र में कृषि विद्युत आपूर्ति 6 घंटे से बढ़ाकर 8 घंटे करने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी टिब्बी को पुनः ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि टिब्बी क्षेत्र धान उत्पादक क्षेत्र होने के कारण यहां किसानों को धान की रोपाई के लिए अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में कृषि कनेक्शनों पर मात्र 6 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है, जो धान की रोपाई के लिए पर्याप्त नहीं है। साथ ही बार-बार विद्युत कटौती होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि वर्षा के अभाव और धान रोपाई के कार्य को समय पर पूरा करने के लिए टिब्बी धान क्षेत्र में कृषि विद्युत आपूर्ति तत्काल 2 घंटे बढ़ाकर प्रतिदिन 8 घंटे की जाए। संघ ने कहा कि इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को राहत मिलेगी और धान की फसल प्रभावित होने से बच सकेगी।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ तहसील शाखा टिब्बी के अध्यक्ष मनोहर लाल धारणिया सहित संघ के पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
