टिब्बी को मिले नए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, शैलेन्द्र कुमार थोरी ने संभाला कार्यभार
टिब्बी के नए सीबीईओ ने संभाली जिम्मेदारी
टिब्बी (सच कहूं/अंकित वधवा) Tibbi News: ब्लॉक को नए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) के रूप में शैलेन्द्र कुमार थोरी मिले हैं। उन्होंने शुक्रवार को टिब्बी में पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से नोहर निवासी शैलेन्द्र कुमार थोरी इससे पूर्व घड़साना में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वहीं, टिब्बी के पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार अरोड़ा का स्थानांतरण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नोहर के पद पर किया गया है।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानाचार्य जगदीश कुमार, हरलाल ढाका, विनोद पुनिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे और नए सीबीईओ का स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद शैलेन्द्र कुमार थोरी ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार टिब्बी ब्लॉक में महिला और पुरुष साक्षरता दर में 20 प्रतिशत से अधिक का अंतर है। इसी कारण केंद्र सरकार ने टिब्बी को शैक्षिक दृष्टि से पिछड़ा ब्लॉक घोषित किया है। उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाना तथा खेल, स्काउट और साहित्यिक गतिविधियों जैसी सहशैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि टिब्बी ब्लॉक का बड़ा हिस्सा सेमग्रस्त क्षेत्र में आता है, जिससे कई विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी है। ऐसे में स्कूलों में भौतिक संसाधनों का विकास और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
