मोबाइल फोन कारोबारी से 20.28 लाख की कथित ठगी

जयपुर के व्यापारी पर एफआईआर दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। टाउन के एक मोबाइल फोन कारोबारी से होलसेल व्यापार के नाम पर 20.28 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नई आबादी वार्ड नंबर 24, टाउन निवासी मितेश गर्ग (36) पुत्र विनोद कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह पुराना बाजार स्थित मै. अग्रवाल पॉइंट नाम से मोबाइल फोन कारोबार संचालित करता है। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया गया कि 19 सितंबर 2025 की रात करीब 10.15 बजे व्हाट्सएप कॉल के जरिए मोबाइल नंबर 8741960903 से संपर्क हुआ। कॉल करने वाले ने अपना नाम प्रवेश अग्रवाल निवासी जयपुर बताया और खुद को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोबाइल फोन का थोक व्यापारी बताते हुए बड़े स्तर पर कारोबार करने तथा जयपुर के दुकानदारों को माल सप्लाई कराने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने माल की सप्लाई से पहले एडवांस राशि की मांग की। विश्वास में आने पर परिवादी ने 20 सितंबर 2025 और 23 सितंबर 2025 को हवाला के माध्यम से 6-6 लाख रुपए, यानी कुल 12 लाख रुपए भेजे। इसके बदले करीब 8.93 लाख रुपए का माल मिला। इसके बाद दोनों के बीच कारोबार चलता रहा और 12 नवंबर 2025 तक भुगतान के बदले माल की आपूर्ति होती रही। Hanumangarh News

परिवादी का आरोप है कि इस दौरान उसके 20 लाख 28 हजार 805 रुपए आरोपी के पास एडवांस के रूप में जमा हो गए। जब उसने बार-बार माल भेजने के लिए कहा तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। करीब 20-25 दिन तक माल नहीं भेजा गया। इसके बाद राशि वापस मांगने पर आरोपी ने एक महीने में भुगतान करने का आश्वासन दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को आरोपी ने केवल 50 हजार रुपए ऑनलाइन वापस भेजे, लेकिन शेष राशि नहीं लौटाई। इसके बाद आरोपी फोन उठाना बंद कर दिया और कई बार कॉल काटने या मोबाइल फोन स्विच ऑफ रखने लगा। परिवादी ने आरोप लगाया कि 9 जुलाई 2026 को बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित रूप से साफ शब्दों में कहा कि उसने ठगी करने के इरादे से ही यह पूरा लेन-देन किया था।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि मैंने आपसे ठगी करनी थी, जो कर ली। मेरे पास कोई पैसा नहीं है, आपसे जो होता है कर लो। थाना-कचहरी से मुझे डर नहीं लगता, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, ठगी एवं धमकी देने के आरोप में कानूनी कार्रवाई करते हुए उसकी बकाया राशि वापस दिलाने की मांग की। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी है। पुलिस मामले में लेन-देन, बैंकिंग एवं अन्य साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts