Rajasthan Road Accident: कार, ट्रक और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
श्रीगंगानगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव नेतेवाला स्थित गणेश मंदिर के पास कार, ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, पुलिस उपाधीक्षक भूपेंद्र सोनी तथा सदर थाना प्रभारी सुभाष ढिल्लो पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। Rajasthan Road Accident
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो युवक बिंझवायला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरा युवक 48 एलएनपी (48 LNP) क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर यह आमने-सामने की भीषण टक्कर का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। Rajasthan Road Accident