Ambulance: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रेवाड़ी में 30 आधुनिक एंबुलेंसों को दिखाई हरी झंडी
रेवाड़ी से रवाना हुईं 30 आधुनिक एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
रेवाड़ी (सच कहूँ/महेंद्र भारती)। Rewari News: हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को रेवाड़ी से 30 आधुनिक एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन एंबुलेंसों के संचालन से प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी तथा मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। आधुनिक उपकरणों से लैस एंबुलेंस दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के साथ गोल्डन आवर के दौरान मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य ढांचे और एंबुलेंस नेटवर्क का लगातार विस्तार कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई एंबुलेंसों के शामिल होने से प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी।
