शाहाबाद में दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आए दो भाइयों की मौत
भाई को बचाने गया भाई भी करंट की चपेट में आया
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। Kurukshetra News: बरसात के कारण लाईन में करंट आने से जब एक भाई को करंट लगा तो दूसरा भाई बचाने आया तो वह भी करंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनो भाईयों की मौत हो गई। इतना ही नहीं जब बेटा बचाने आया तो वह भी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है घटना शुक्रवार सुबह शाहाबाद के गांव धंतौड़ी की है। जब बरसात के दौरान ट्रांसफार्मर की तार में करंट आने से एक ही परिवार के 3 लोग इसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार गांव धंतौड़ी निवासी बिंदर राम करंट की चपेट में आया। बारिश के कारण ट्रांसफार्मर की बिजली की तार में करंट फैला था। जैसे ही बिंदर राम इसकी चपेट में आया तो उसे बचाने के लिए उसका भाई नाथी राम दौड़कर भाई को बचाने के लिए आगे आया। जैसे ही उन्होंने बिंदर राम को छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से दोनों भाईयों को तड़पता देख नाथी राम का 35 वर्षीय बेटा लाडी उन्हें बचाने के लिए आगे आया। उसने जैसे ही अपने पिता और ताऊ को छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते एक ही परिवार के 3 लोग बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्र के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 2 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की तार में बरसात के कारण करंट आया हुआ था। इस दुर्घटना की खबर से गांव में सन्नाटा छा गया।
