हेरोइन की तस्करी कर रहे दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने रोहतक से हेरोइन लाकर बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए स्टाफ-2 के सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र अपनी टीम के साथ गांव बामला में गश्त पर थे। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर कलानौर की ओर से मादक पदार्थ लेकर भिवानी आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टी-पॉइंट फूलपुरा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाया। तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.93 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान स्थानीय हनुमान गेट निवासी कुलदीप उर्फ लाला तथा मनीष के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से बरामद हेरोइन तथा मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया। रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी का कार्य करते हैं तथा मादक पदार्थ को बेचने के उद्देश्य से रोहतक से खरीदकर लाए थे। रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आज आरोपियों को पुन: माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।