Water Crisis: तीन दिन से पानी नहीं, सड़क पर उतरे लोग, महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर आधे घंटे रोड़ रखा जाम

बेगू रोड स्थित कल्याण नगर में पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा, सिरसा-भादरा मार्ग किया जाम

Published On

सिरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: भीषण गर्मी के बीच शहर में गहराते पेयजल संकट ने शुक्रवार को लोगों का सब्र तोड़ दिया। बेगू रोड स्थित कल्याण नगर की गली नंबर-4 और 5 के निवासियों ने पानी की आपूर्ति ठप होने से नाराज होकर सिरसा-भादरा मार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बाद में पुलिस के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कल्याण नगर में स्थित ट्यूबवेल की बिजली केबल तीन दिन पहले जल गई थी। इसके बाद से गली नंबर-4 और 5 में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद पड़ी है। कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। लगातार पानी नहीं मिलने से लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। समस्या से परेशान लोगों ने शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे गली के सामने सिरसा-भादरा मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। महिलाओं ने हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और संबंधित विभाग से जल्द ट्यूबवेल की केबल बदलवाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब शाम छह बजे लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि भीषण गर्मी में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का ठप होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

Sirsa News (2)

About The Author

Related Posts