बठिंडा से पार्सल में आई खेप, 75 लाख रुपये की नशीली गोलियां बरामद

पिकअप सवार दो लोग काबू

Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: सरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपए कीमत की 3 लाख 6 हजार नशीली टैपेंटाडोल गोलियां बरामद की हैं। यह खेप पंजाब के बठिंडा से पार्सल के जरिए सरसा लाई गई थी। पुलिस ने पार्सल से भरी पिकअप गाड़ी को रोककर दो लोगों को काबू किया है। मामले में फर्जी बिल और दस्तावेजों का भी खुलासा हुआ है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गश्त के दौरान जगदेव सिंह चौक पर मौजूद थी। इसी दौरान सांगवान चौकी की ओर से पार्सलों से भरी एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपनी पहचान राजपाल पुत्र हंसराज निवासी सरसा के रूप में बताई, जबकि उसके साथ भरत कुमार उर्फ माइकल निवासी पंडितों की ढाणी, प्रेम नगर सरसा मिला। 

पूछताछ में भरत कुमार ने बताया कि बठिंडा की लॉटरी मार्केट में उसकी माइकल पार्सल सर्विस के नाम से दुकान है। वहां ग्राहक पार्सल जमा कराते हैं, जिन्हें वह पिकअप के माध्यम से सरसा की एमसी मार्केट स्थित दुकान तक पहुंचाता है। इसके बाद रिक्शों के जरिए पार्सल संबंधित लोगों तक भेजे जाते हैं। पुलिस को पार्सलों पर संदेह होने पर औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान 10 बॉक्स खोले गए, जिनमें से 3 लाख 6 हजार टैपेंटाडोल की नशीली गोलियां बरामद हुईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 75 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में एशमुन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बिलों और दवाइयों की पैकिंग में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। शुरूआती जांच में कंपनी के बिल फर्जी पाए गए, जिसके आधार पर थाना शहर सरसा में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। 

पुलिस बठिंडा व चंडीगढ़ में दबिश देकर कर रही छापेमारी 

एसपी ने बताया कि एएसपी आदर्शदीप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बठिंडा और बाद में चंडीगढ़ में जांच की। जांच में सामने आया कि एशमुन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड का रजिस्टर्ड पता चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में है, लेकिन स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि कंपनी करीब तीन महीने पहले ही वहां से कार्यालय खाली कर चुकी है। पुलिस कंपनी की भूमिका को भी संदेह के दायरे में रखकर हर पहलू की गहन जांच कर रही है, मामले का खुलासा करने के लिए सरसा पुलिस लगातार बठिंडा व चंडीगढ़ में दबिश देकर छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि जिले में नशा तस्करों और अवैध रूप से नशीली दवाइयों का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। 

Sirsa News
Sirsa News: नशीली दवाइयों के साथ पकड़े गए आरोपी।

About The Author

Related Posts