हनुमानगढ़ स्थापना दिवस पर 'पंच गौरव-भटनेर उत्सव' का आगाज, 32 किमी तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली निकली

हनुमानगढ़ में पंच गौरव-भटनेर उत्सव का आगाज

Published On

टिब्बी (सच कहूँ/अंकित वधवा)। Tibbi News: हनुमानगढ़ जिले के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को तीन दिवसीय 'पंच गौरव-भटनेर उत्सव' का शुभारंभ 32 किलोमीटर लंबी तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली के साथ हुआ। हनुमानगढ़ टाउन स्थित सेंट्रल पार्क से जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली मसानी गांव के पास घग्घर नदी पुल, नहर की पटरी और 24 आरडी होते हुए टिब्बी क्षेत्र स्थित घग्घर नदी की जीरो आरडी तथा इंदिरा गांधी नहर की आरडी-629 तक पहुंची। रैली की विशेष बात यह रही कि जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव अपनी पत्नी के साथ स्वयं साइकिल चलाते हुए जीरो आरडी तक पहुंचे। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने भी सेंट्रल पार्क से जीरो आरडी तक पूरी 32 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की।

रैली में जिला साइकिलिंग क्लब के सदस्य, छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि रैली का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तिरंगे के सम्मान की भावना को मजबूत करना और जिले के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर बेहतर भविष्य के निर्माण का संदेश देना है।

उन्होंने बताया कि उत्सव के तहत जिलेभर के राजकीय विद्यालयों में 'हनुमानगढ़ गॉट टैलेंट', प्रश्नोत्तरी, लाइव पेंटिंग, संगीत और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा ब्लॉक और पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति अभियान, खेल प्रतियोगिताएं और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

तीन दिवसीय उत्सव का समापन 12 जुलाई को 'रन फॉर हनुमानगढ़', भव्य शोभायात्रा तथा राजीव गांधी स्टेडियम में प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति के साथ होगा।

इस अवसर पर एसडीएम सत्यनारायण सुथार, नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक तीर्थ शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत, राजीविका अधिकारी वैभव अरोड़ा, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, एसीबीईओ रोहताश चुघ, नगर पालिका ईओ बृजेश सोनी, पटवारी राम सिंह सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

Tibbi News

About The Author

Related Posts