सेवानिवृत्त कर्मियों को मौके पर ही सौंपे रिटायरमेंट ड्यूज के चैक 

नगर निगम के मेयर ने सेवानिवृत्त कर्मियों के हित में शुरु की सराहनीय पहल

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: नगर निगम पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में एक सराहनीय पहल करते हुए उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही रिटायरमेंट (ड्यूज) की राशि का भुगतान कर दिया। यह पहल कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है, क्योंकि सामान्यत: सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अपने बकाया भुगतान और अन्य देय राशि प्राप्त करने के लिए कई माह तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे।

नगर निगम के माली केसर सिंह को सेवानिवृत्ति के समय ही उनके बनते ड्यूज का चेक सौंपा गया। इसके अलावा सफाई कर्मचारी अनीता को भी मौके पर ही बनते ड्यूज की राशि देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समय पर ड्यूज की राशि मिलने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए मेयर कुंदन गोगिया तथा नगर निगम प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान मिलने से सेवानिवृत्ति के बाद की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सुविधा मिलेगी।

हर माह की पहली तारीख को मिल रहा वेतन

मेयर कुंदन गोगिया ने बताया कि नगर निगम पटियाला की सभी शाखाओं की नियमित रूप से हर माह समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों में वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाती है। इसी सतत निगरानी के कारण नगर निगम के फंड में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर वित्तीय प्रबंधन के चलते नगर निगम अपने कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित रूप से वेतन दे रहा है तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी ड्यूज का भुगतान भी समय पर किया जा रहा है।

 

Patiala News
Patiala News: सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके रिटायरमेंट ड्यूज के चेक भेंट सौंपते मेयर कुंदन गोगिया। 

 

About The Author

Related Posts