Bharat Taxi Service: भारत टैक्सी बुक करने पर मिलेगी आइसक्रीम
स्वदेशी भारत टैक्सी को बढ़ावा देने पर जोर
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Jaipur News: सहकार सप्ताह के छठवे दिन सहकार भवन में युवाओं के लिये सहकारिता की महत्ता एवं भारत टैक्सी सेवा पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसएलडीबी के प्रबंध निदेशक जितेंद्र शर्मा ने की। शर्मा ने बताया कि भारत टैक्सी भारत की अपनी टैक्सी है। इस सेवा में कोई भी विदेशी प्रदाता सम्मिलित नहीं है। इस स्वदेशी टैक्सी ऐप ने बहुत कम समय में बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। भारत टैक्सी एप्प से पहली राइड बुकिंग करने पर उपभोक्ता को अमूल आइसक्रीम का एक विशेष कूपन जारी किया जायेगा, जिसे ब्लिंकिट से मंगवाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि भारत टैक्सी सेवा एक किफायती एवं सुरक्षित सेवा है, जिसमें किराया अन्य सेवा प्रदाताओं की तुलना में 10 प्रतिशत तक कम है। भारत टैक्सी का किराया सर्ज फ्री प्राइसिंग पर आधारित है। भारत टैक्सी के नोडल अधिकारी भोमाराम ने कहा कि उपभोक्ता द्वारा भारत टैक्सी की बुकिंग को किसी कारण से केन्सिल भी करना पडता है तो उससे किसी प्रकार का कैंसिलेशन चार्ज वसूला नहीं जायेगा। महिला की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने एवं उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिये महिला ड्राइवर्स को भी रोजगार के विशेष अवसर दिये गये हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ड्राइवर्स का पुलिस वेरिफिकेशन पूर्ण होने पर ही उन्हें भारत टैक्सी सेवा से जोडा गया है। भारत टैक्सी सेवा जीरो कमीशन मॉडल पर काम करता है, जिससे ड्राइवर्स को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार जयपुर खण्ड मदन लाल गुर्जर, अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रोसेसिंग शुद्धोधन उज्ज्वल, संयुक्त रजिस्ट्रार मार्केटिंग सोनल माथुर, संयुक्त रजिस्ट्रार प्लान अनिल कुमार, प्रबंध निदेशक कानफैड राजेन्द्र सिंह, उप रजिस्ट्रार बैंकिंग अदिति गोठवाल, सहायक रजिस्ट्रार उपभोक्ता सतीश सिंघल उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन राजस्थान सहकारी संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद रफीक ने किया।
