Hanumangarh Crime News: घात लगाकर युवक पर हमला, कुल्हाड़ी के वार से टूटी उंगली

तीन भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने नहर किनारे घात लगाकर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला करने के आरोप में तीन सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार शैलेन्द्र सिंह (47) पुत्र सुमेर सिंह राजपूत निवासी चक 10 एमजेडब्ल्यू, जोधावाली ढाणी, ग्राम पंचायत रणजीतपुरा ने बताया कि वह 30 जून को शाम करीब 6.30 बजे लखूवाली से अपनी मोटर साइकिल पर घर लौट रहा था। Hanumangarh Crime News

जब वह नहर के पटरे से नीचे गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर भानसिंह के खेत के पास पहुंचा तो वहां पहले से नहर के नीचे झाड़ियों में छिपे बैठे बंटी, नरेश और जलंधर, तीनों पुत्र इन्द्राज सुथार, ने उसकी मोटर साइकिल के सामने आकर उसे गिरा दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि बंटी के हाथ में कुल्हाड़ी तथा नरेश और जलंधर के हाथों में लाठियां थीं।

बंटी ने शैलेन्द्र सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया। बचाव के लिए हाथ आगे करने पर कुल्हाड़ी का वार उनके बाएं हाथ पर लगा, जिससे एक अंगुली टूट गई। इसके बाद नरेश और जलंधर ने लाठियों से उनकी पीठ पर हमला किया तथा आंख पर भी लाठी से चोट पहुंचाई। शोर सुनकर शैलेन्द्र सिंह की माता मौके पर पहुंच गई।

इसी दौरान नरेश पुत्र पप्पूराम सुथार, जो मजदूर है, ने घटना देखी और बचाने के लिए दौड़ा। कुछ ही देर बाद वेदप्रकाश बिश्नोई भी मौके पर पहुंच गया। दोनों के ललकारने पर आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी कि 'अबकी बार तुझे छोड़ेंगे नहीं' और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने बंटी, नरेश और जलंधर पुत्र इन्द्राज सुथार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपा गया है।

अधेड़ पर हमला, गंभीर हालत में बीकानेर रेफर

हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रामसिंह (27) पुत्र रणजीत सिंह भाट निवासी वार्ड नंबर 12, भारती बाल विद्या मंदिर स्कूल के पास, भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे परिवाद में बताया कि उसके पिता रणजीत सिंह 18 जून को सुबह करीब 8 बजे किसी काम से बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। Hanumangarh Crime News

जब वे सेक्टर नंबर 12 स्थित खालसा स्कूल के पास अंडरब्रिज के निकट पहुंचे, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया और घूंसों, थप्पड़ों तथा लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की। शिकायत के अनुसार हमले में रणजीत सिंह के सिर, आंख के पास, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना जंक्शन थाना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रणजीत सिंह को एम्बुलेंस से टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। परिवादी ने आरोप लगाया कि घटना की रिकॉर्डिंग खालसा स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई है और उसकी फुटेज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपलब्ध है। पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए परिवाद के आधार पर जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक जयसिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh Crime News

About The Author

Related Posts