शिक्षा और रोजगार
Pensioners News: ऑनलाइन पास व्यवस्था के विरोध में उतरे रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी
जंक्शन स्टेशन पर किया प्रदर्शन, बोले-बुजुर्ग पेंशनरों के लिए डिजिटल प्रक्रिया कठिन
मैन्युअल पास व्यवस्था बहाल की मांग, समाधान नहीं तो नहीं लेंगे पास
Pensioners News: हनुमानगढ़। रेलवे बोर्ड की ओर से रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पास जारी करने की प्रस्तावित व्यवस्था के विरोध में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों (Retired Railway Employee Protest) ने हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन से वर्षों से चली आ रही मैन्युअल पास व्यवस्था को यथावत जारी रखने की मांग करते हुए कहा कि नई व्यवस्था से हजारों पेंशनभोगी कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। Hanumangarh News
रेलवे से सेवानिवृत्त लोको पायलट हेमचंद ने बताया कि रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों को शुरू से ही मैन्युअल पास की सुविधा मिलती रही है, जिससे उन्हें यात्रा करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब रेलवे बोर्ड की ओर से 29 मई को जारी आदेश के आधार पर ऑनलाइन पास प्रणाली लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सेवानिवृत्त कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश रिटायर्ड कर्मचारियों के पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं है। जिनके पास स्मार्टफोन है, उनमें से भी कई लोगों को उसका तकनीकी उपयोग करना नहीं आता।
बढ़ती उम्र के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया को समझना और उसका उपयोग करना उनके लिए बेहद कठिन है। ऐसे में डिजिटल माध्यम से पास जारी करने की व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है। हेमचंद ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे प्रशासन ने ऑनलाइन पास व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया था, लेकिन रिटायर्ड कर्मचारियों के विरोध के बाद रेलवे बोर्ड ने मैन्युअल पास की सुविधा जारी रखी थी। अब एक बार फिर इस व्यवस्था को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लगभग सभी पेंशनभोगी रेलवे कर्मचारी प्रभावित होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रिटायर्ड कर्मचारियों की सुविधा और उनकी आयु संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मैन्युअल पास जारी करने की व्यवस्था पहले की तरह बहाल रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो वे रेलवे की ओर से जारी पास का उपयोग नहीं करेंगे और मजबूरन अपने खर्चे पर यात्रा करने के लिए विवश होंगे। Hanumangarh News
About The Author