Fraud Alert: सर्राफा कारोबारी से 550 ग्राम सोना हड़पने का आरोप

टिब्बी के ज्वेलर पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी से 550 ग्राम सोना हड़पने और धोखाधड़ी करने के आरोप में टिब्बी निवासी एक ज्वेलर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में रामस्वरूप (65) पुत्र सोहनलाल सोनी निवासी गली नंबर 9, वार्ड नंबर 29, नई आबादी, टाउन ने बताया कि वह टाउन स्थित सोनी मार्केट में पंकज ज्वैलर्स के नाम से सोने-चांदी का कारोबार करता है। Hanumangarh News

उसकी दुकान पर कई स्वर्णकार जुड़े हुए हैं, जिन्हें वह सोना-चांदी देकर आभूषण तैयार करवाता है। परिवादी के अनुसार वर्ष 2017 से शंकर ज्वैलर्स, शहीद भगत सिंह चौक के पास, टिब्बी संचालित करने वाला सुनील कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद सुथार निवासी चक 9 एमकेएस रोही मल्लड़खेड़ा पीएस टिब्बी, उसके संपर्क में था और आभूषण बनाने का कार्य करता था।

रिपोर्ट में बताया गया कि 20 फरवरी 2026 को रिश्तेदारी में शादी होने के कारण पुराने आभूषणों को नए डिजाइन में तैयार कराने का निर्णय लिया गया। इसी सिलसिले में 2 सितंबर 2025 को आरोपी सुनील कुमार को 235 ग्राम सोना (लॉकेट सेट, पेंडल सेट, पोली हसली, शेरमुखी कड़े आदि बनाने के लिए) अमानत के रूप में दिया गया।

परिवादी का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी के पास उसका 315 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए दिया हुआ था। इस प्रकार आरोपी के पास कुल 550 ग्राम सोना था। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सोना प्राप्त करने की रसीद अपने हस्ताक्षरों से दी थी और जल्द नए डिजाइन के आभूषण बनाकर देने का आश्वासन दिया था।

हालांकि निर्धारित समय बीतने के बाद भी उसने आभूषण तैयार नहीं किए और लगातार टालमटोल करता रहा। रिपोर्ट के अनुसार 1 फरवरी 2026 को परिवादी और छिन्द्रपाल सोनी आरोपी के मामा पवन कुमार से मिले। उन्होंने जल्द समाधान कराने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बावजूद न तो सोना वापस मिला और न ही आभूषण तैयार कर दिए गए। इसके बाद 8 मार्च, 31 मार्च और 26 अप्रैल 2026 को हनुमानगढ़ में समाज की पंचायतें हुईं। Hanumangarh News

परिवादी के अनुसार इन पंचायतों में राजेश कुमार, विनोद कुमार, पूर्व पार्षद प्रमोद सोनी, जैकी सोनी, महेश कुमार सोनी, परिवादी का पुत्र पंकज सहित स्वर्णकार समाज के कई लोग मौजूद थे। शिकायत में आरोप है कि पंचायत के दौरान आरोपी सुनील कुमार ने कथित रूप से कहा कि मेरे पास न तो सोना है और न ही मैं आभूषण बनाकर दूंगा। मैंने आपसे ठगी करनी थी, सो कर ली। मैंने वह सोना बेच दिया है।

आपसे जो बनता है कर लो। परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने व्यापारिक विश्वास और अमानत का दुरुपयोग करते हुए 550 ग्राम सोना हड़प लिया तथा उसका गबन और धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने सुनील कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद सुथार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts