Fraud Alert: पूर्व मुनीम समेत तीन जनों पर करोड़ों रुपए हड़पने की साजिश का आरोप

पेट्रोल पंप संचालक से 1.12 करोड़ रुपए के कथित फर्जी चेक से धोखाधड़ी

Published On

हनुमानगढ़। टिब्बी थाना पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के इस्तगासे के आधार पर पेट्रोल पंप संचालक के साथ कथित रूप से 1.12 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी और चेक में कूटरचना करने के आरोप में तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अमरदीप (23) पुत्र अरविन्द कुमार जाट निवासी पीरकामड़िया ने परिवाद प्रस्तुत कर बताया कि गांव सूरेवाला के पास उसका पेट्रोल पंप है। Hanumangarh News

वर्ष 2024 में परिचित भानुप्रताप पुत्र राघव प्रसाद निवासी पीलीबंगा और इन्द्रसिंह पुत्र शिवदान सिंह निवासी पन्नीवाली की सिफारिश पर उसने प्रदीप सैनी पुत्र प्रेम सैनी निवासी इन्द्रा कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन को पंप पर मैनेजर के रूप में नियुक्त किया था। प्रदीप बैंकिंग और वित्तीय कार्य भी देखता था तथा आवश्यकता पड़ने पर हस्ताक्षरित खाली चेकों का उपयोग भुगतान के लिए किया जाता था।

परिवाद में आरोप लगाया गया कि बाद में हिसाब-किताब में गड़बड़ी सामने आने और कुछ चेक गायब मिलने पर प्रदीप सैनी को नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद 5 मई 2026 को परिवादी को उसके बैंक खाते से चेक संख्या 063042 के जरिए 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए प्रस्तुत किए जाने का संदेश मिला। पूछताछ में प्रदीप ने कथित रूप से बताया कि उसने 2.50 लाख रुपए का हस्ताक्षरित चेक भानुप्रताप और इन्द्रसिंह को दिया था। Hanumangarh News

परिवादी का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने आपस में षड्यंत्र रचकर 2.50 लाख रुपए के चेक में कूटरचना करते हुए राशि के आगे अतिरिक्त अंक जोड़कर उसे 1.12 करोड़ रुपए का चेक बना दिया तथा अपना नाम और अन्य विवरण अंकित कर दिया। बाद में चेक अनादरण (डिशऑनर) का नोटिस भी भेजा गया।

परिवादी ने फोरेंसिक जांच कराने का दावा करते हुए रिपोर्ट में कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि होने की बात भी कही है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टिब्बी के आदेश पर प्राप्त इस्तगासे के आधार पर टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी हंसराज लूणा की ओर से की जा रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts