Attacked: थाने से जबरन पति के साथ भेजा, शराब के नशे में मारपीट कर सीढ़ियों से दिया धक्का

पति पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

Published On

हनुमानगढ़। संगरिया पुलिस थाना में एक महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद पति सहित अन्य के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रमनदीप कौर पत्नी विरेन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 1, संगरिया ने शिकायत में बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उसका विवाह विरेन्द्र सिंह पुत्र अजीत सिंह के साथ हुआ था। Hanumangarh News

उसका आरोप है कि पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। इस संबंध में उसने पहले से ही संगरिया न्यायालय में एक मामला भी दायर कर रखा है। शिकायत के अनुसार, 1 जून 2026 को संगरिया पुलिस थाना से फोन कर उसे थाने बुलाया गया, जहां से कथित रूप से उसे जबरन पति के साथ भेज दिया गया।

महिला का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और सीढ़ियों से धक्का दे दिया, जिससे उसके घुटने, दाहिने हाथ की अंगुली, कलाई तथा पीठ पर चोटें आईं। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि बाद में वह अपने भाई प्रदीप कुमार के घर पहुंची, जहां पति विरेन्द्र सिंह, सुबिया तथा तीन-चार अन्य व्यक्ति पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पथराव किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्राप्त परिवाद के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts