Dowry Case: एक लाख रुपए और बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर घर से निकाला
दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, स्त्रीधन हड़पने और दूसरी शादी की धमकी देने का आरोप
Dowry Case: हनुमानगढ़। महिला थाना में एक विवाहिता की रिपोर्ट पर पति, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और स्त्रीधन नहीं लौटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रसीदा बीवी (26) पत्नी मोहम्मद सदीक निवासी वार्ड नंबर 1, 11 एमएम, ग्राम पंचायत रोड़ांवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसकी शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद सदीक पुत्र मोहम्मद रमजान के साथ हुई थी। Hanumangarh News
विवाह में उसके पीहर पक्ष ने अपने सामर्थ्य के अनुसार चांदी की पाजेब, सोने के आभूषण, डबल बेड, अलमारी, फ्रिज, टीवी, कूलर, सिलाई मशीन, घरेलू सामान तथा छह बकरियां सहित अन्य स्त्रीधन दिया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मोहम्मद सदीक, ससुर मोहम्मद रमजान और ननद रसुला बीवी कम दहेज लाने का ताना देकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
रिश्तेदारों की पंचायत के बाद भी आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। परिवाद के अनुसार, विवाहिता के तीन पुत्र सकील (9), अकील (7) और आसीम (5) हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित रूप से दहेज में एक लाख रुपए और एक मोटर साइकिल की मांग जारी रखी। करीब एक माह पहले मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
आरोप है कि ननद ने उसके कानों की सोने की बालियां और छह बकरियां भी अपने पास रख लीं। साथ ही पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले हुई पंचायत में भी ससुराल पक्ष ने कथित रूप से एक लाख रुपए और मोटर साइकिल मिलने पर ही उसे वापस रखने की बात कही। पंचायत के दौरान स्त्रीधन लौटाने की मांग करने पर भी आरोपियों ने इनकार कर दिया। महिला थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी रजनदीप कौर कर रही हैं। Hanumangarh News