जमीनी विवाद में घर में घुसकर मारपीट व 1.40 लाख रुपए छीनने का आरोप
भिरानी थाना पुलिस ने तीन जनों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
Attacked: हनुमानगढ़। जिले के भिरानी थाना क्षेत्र के गांव चिड़िया गांधी में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, नकदी छीनने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर भिरानी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार चिड़िया गांधी निवासी विक्रम सिंह (31) पुत्र अनिल कुमार जाट ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि 14 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे वह अपने पिता अनिल कुमार, माता प्रेमादेवी और बहन रेखा के साथ घर पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही राजेश पुत्र सुरेन्द्र कुमार और नरेन्द्र पुत्र सुरेन्द्र कुमार घर में अनाधिकृत रूप से घुस आए तथा परिवार पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने उसके पिता अनिल कुमार की जेब में रखे एक लाख चालीस हजार रुपए छीन लिए। साथ ही तेजधार हथियार से हमला कर उनके मुंह पर चोट पहुंचाई, जिससे उनके दांत टूट गए। यह राशि गेहूं की बिक्री से प्राप्त हुई थी। इस्तगासे में यह भी कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है और इस संबंध में भादरा न्यायालय में खाता विभाजन का मामला विचाराधीन है।
आरोप है कि आरोपी पक्ष मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। परिवादी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह और उसके पिता गांधी चौकी जाने लगे तो आरोपियों ने ट्रैक्टर से पीछा कर उन्हें डराने का प्रयास किया। बाद में रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी भी दी गई। न्यायालय से प्राप्त आदेश के आधार पर भिरानी थाना पुलिस ने आरोपियों राजेश, नरेन्द्र और सुरेन्द्र कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच गांधीबड़ी पुलिस चौकी के एएसआई रामगोपाल को सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। Hanumangarh News
About The Author