हनुमानगढ़ में चोरी व फसल नुकसान के दो मामले आए सामने, पुलिस जांच शुरू
ट्रेलर चालक ने बताई वर्कशॉप प्रबंधन की लापरवाही बताई, थाने में प्रस्तुत की रिपोर्ट
वर्कशॉप के बाहर खड़ी ट्रॉली से दो टायर व जैक चोरी
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में अशोक लीलैंड वर्कशॉप के बाहर खड़ी एक ट्रेलर ट्रॉली से दो टायर और एक बड़ा जैक चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हरियाणा के फतेहाबाद निवासी शमशेर पुत्र वीराराम ने टाउन पुलिस थाना में रिपोर्ट प्रस्तुत कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। Hanumangarh News
पुलिस को दी गई शिकायत में शमशेर ने बताया कि उसका ट्रेलर खराब हो जाने के कारण वह उसे मरम्मत के लिए गांव कोहला स्थित अशोक लीलैंड कंपनी की वर्कशॉप में लेकर आया था। वर्कशॉप परिसर में जगह कम होने के कारण कर्मचारियों ने ट्रेलर की ट्रॉली को मुख्य सड़क के किनारे खड़ा करवा दिया। इसी दौरान 23 जून को किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रॉली से दो टायर और एक बड़ा जैक चोरी कर लिया।
पीड़ित के अनुसार जब उसने इस बारे में वर्कशॉप प्रबंधन से जानकारी ली तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उसने अपने स्तर पर भी आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए सामान और चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्कशॉप प्रबंधन ने वाहन की मरम्मत में भी देरी की और बाद में वाहन तैयार कर सौंपा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ट्रॉली वर्कशॉप प्रबंधन के कहने पर बाहर खड़ी की गई थी, इसलिए उनकी लापरवाही के चलते उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाकर अज्ञात चोरों की पहचान करने तथा चोरी हुए टायर और जैक बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेत में ट्रैक्टर चलाकर फसल नष्ट करने और तारबंदी चोरी का आरोप
हनुमानगढ़। खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट करने तथा तारबंदी और पिलर तोड़कर चोरी करने का मामला सामने आया है। नोहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दलपतपुरा निवासी हंसराज (56) पुत्र काशीराम सुथार ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी कृषि भूमि मोजा दलपतपुरा में स्थित है, जहां उसने ग्वार और बाजरे की फसल की बुवाई कर रखी थी।
आरोप है कि 22 जून की मध्य रात्रि को गांव के ही कनीराम पुत्र गिरधारीराम बेनीवाल तथा एक अन्य व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचे और ट्रैक्टर से फसल को पलटकर नष्ट कर दिया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने खेत की सीमा पर लगे पिलर और तारबंदी को तोड़ दिया तथा उन्हें अपने साथ ले गए। Hanumangarh News
किसान ने पड़ोसी पर लगाए आरोप, पूर्व में भी दर्ज हो चुका है समान प्रकृति का मुकदमा
शिकायतकर्ता के अनुसार इस घटना से उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। हंसराज ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी कनीराम की ओर से उक्त भूमि पर कब्जा करने और फसल को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आ चुका है। इस संबंध में वर्ष 2025 में मुकदमा संख्या 386/2025 दर्ज हुआ था, जिसका चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि संबंधित भूमि को लेकर उपखंड अधिकारी, नोहर की ओर से स्थगन आदेश जारी किए गए हैं और मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित रूप से फसल को नुकसान पहुंचाने और तारबंदी हटाने की कार्रवाई की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई इन्द्राज सिंह को सौंपी है। मामले की जांच जारी है। Hanumangarh News
About The Author