Amitabh Railway GM Retirement: अमिताभ की सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई!

कर्मचारियों और यूनियन ने किया अभिनंदन, आगामी 30 जून को अपनी रेल सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं अमिताभ

Published On

Railway GM Retirement: जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ आगामी 30 जून को अपनी दीर्घ, समर्पित एवं गौरवशाली रेल सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इस अवसर को अविस्मरणीय बनाने के लिए नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज़ यूनियन (एनडब्ल्यूआरईयू) द्वारा जीएम-पीएनएम बैठक के विशेष मंच पर उनके सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। Jaipur Railway News

समारोह का संचालन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव सिंह ने किया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। एनडब्ल्यूआरईयू के महामंत्री मुकेश माथुर ने अपने संबोधन में महाप्रबंधक अमिताभ के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कर्मचारी हितों एवं संगठनात्मक विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियाँ प्राप्त हुईं। उन्होंने प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता से लेकर महाप्रबंधक तक की उनकी प्रेरणादायी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल उत्तर पश्चिम रेलवे के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

अपने विदाई उद्बोधन में महाप्रबंधक अमिताभ भावुक दिखाई दिए। उन्होंने अपने सफल कार्यकाल का श्रेय रेल कर्मचारियों, अधिकारियों तथा यूनियन के सकारात्मक सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि संगठन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उन्होंने इस सम्मान एवं आत्मीय विदाई के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान यूनियन के जोनल अध्यक्ष मनोज कुमार परिहार, कार्यकारी अध्यक्ष मोहन चेलानी तथा महामंत्री मुकेश माथुर ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार अमिताभ का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। Jaipur Railway News

इस अवसर पर यूनियन की समस्त जोनल कार्यकारिणी तथा जीएलओ शाखा जयपुर के पदाधिकारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ अर्पित कीं। समारोह में अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कर्मचारी प्रतिनिधि एवं महिला प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक अमिताभ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की। Jaipur Railway News

About The Author

Related Posts