Gold News: पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता के सहयोगी से 4 करोड़ का सोना जब्त
जिला परिषद सदस्य के घर से 3 किलो गहने बरामद
कोलकाता। पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार को नादिया जिले में जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक साहा के घर से 4 करोड़ रुपए कीमत के 3 किलो सोने के गहने बरामद किए। टीना भौमिक साहा को प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता सब्यसाची दत्ता का करीबी सहयोगी माना जाता है। बिधाननगर के गिरफ्तार पूर्व मेयर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बीती रात टीना भौमिक साहा के घर की तलाशी ली। बिधाननगर पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। West Bengal News
पुलिस के मुताबिक, तेहट्टा में नादिया जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक साहा के घर रातभर चली तलाशी के बाद सोना बरामद किया गया। इस महीने की शुरुआत में बिधाननगर साउथ पुलिस ने पूर्व मेयर और तृणमूल नेता सब्यसाची दत्ता को रंगदारी और अवैध संपत्ति समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया था। वह हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में बारासात से उम्मीदवार थे। लेकिन चुनाव नहीं जीत पाए।
सब्यसाची की अवैध संपत्ति के स्रोत की जांच कर रही पुलिस को पता चला कि उन्होंने मुख्य रूप से रंगदारी और काले धन का इस्तेमाल करके सोना जमा किया था। जांचकर्ताओं को राजारहाट में उनके फ्लैट और एक बैंक लॉकर से सोना खरीदने की रसीदें मिलीं। भारी मात्रा में सोने के गहने भी बरामद किए गए। West Bengal News
पूछताछ में मिली कई जानकारियों के आधार पर, बिधाननगर पुलिस ने कल रात तेहट्टा में तलाशी अभियान चलाया। जांचकर्ता रात भर चले तलाशी अभियान के लिए सब्यसाची को अपने साथ ले गए। वे नादिया जिला परिषद की सदस्य और तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के घर गए, जिनके सब्यसाची से करीबी संबंध बताए जाते हैं।
टीना के घर से लगभग 3 किलो सोने के गहने बरामद किए गए। जब्त किए गए सोने की बाजार कीमत 4.39 करोड़ रुपए से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, जांचकर्ता टीना भौमिक साहा से पूछताछ कर रहे हैं कि उनके पास इतनी बड़ी मात्रा में सोने के गहने कैसे आए। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच के बारे में और जानकारी नहीं दी। West Bengal News