नेपाल में चमके टिब्बी क्षेत्र के खिलाड़ी, मोहम्मद अली अशरफी ने जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल

गोल्ड और सिल्वर जीतकर मोहम्मद अली अशरफी ने क्षेत्र का नाम किया रोशन

Published On

टिब्बी (सच कहूं अकित/वधवा)। Tibbi News: नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल इंडो-नेपाल स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2026 में टिब्बी क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुड़िया के प्रशासक इमरान खान के सुपुत्र मोहम्मद अली अशरफी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में मोहम्मद अली अशरफी ने 1000 मीटर इनलाइन स्केटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) तथा 500 मीटर इनलाइन स्केटिंग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर कुल दो पदक अपने नाम किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

ग्राम पंचायत गुड़िया के प्रशासक इमरान खान ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोच राजकुमार की मेहनत, समर्पण और मार्गदर्शन को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोच के बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ी की कड़ी मेहनत के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है। प्रतियोगिता में उनके साथ प्रिंस कुमार, अरमान संधू और हारगुण कंबोज ने भी भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

बुधवार को नेपाल से लौटने पर खिलाड़ियों का टिब्बी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर टिब्बी पुलिस थाने में खिलाड़ियों को मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में थाना अधिकारी हंसराज लूना ने खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज जहां कुछ युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं, वहीं ये बच्चे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, क्षेत्र और अपने परिवार का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।इस मौके पर मोहम्मद अली अशरफी के पिता एवं ग्राम पंचायत गुड़िया के प्रशासक इमरान खान, उप निरीक्षक वेद प्रकाश, गुरप्रीत सिंह संधू, अनवर खान, आमिद अली, सद्दाम हुसैन, मनदीप सारण, कादर खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों और युवाओं को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई।

Tibbi News

About The Author

Related Posts