शिक्षा और रोजगार
UP railway News: खुशखबरी, मुजफ्फरनगर-हरिद्वार समेत इन जिलों में बिछाई जाएगी नई रेलवे लाइन
UP railway News: खुशखबरी, मुजफ्फरनगर-हरिद्वार समेत इन जिलों में बिछाई जाएगी नई रेलवे लाइन
UP railway News: मुजफ्फरनगर, अनु सैनी । पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेहतर परिवहन व्यवस्था और तेज कनेक्टिविटी की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुजफ्फरनगर से हरिद्वार तक प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। वहीं इस निर्णय के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि परियोजना के अमल में आने से मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। उनका कहना है कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। ऐसे में इस कॉरिडोर के बनने से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि आधुनिक और सेमी हाईस्पीड परिवहन परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा देने के साथ आम लोगों की यात्रा को भी अधिक सुगम बना रही हैं। दरअसल वर्तमान में नई दिल्ली और मेरठ के बीच रैपिड रेल का संचालन हो रहा है। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर-हरिद्वार कॉरिडोर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भविष्य की महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है।
About The Author