18 एलजीडब्ल्यू की रोही में काले हिरण का शिकार, वन विभाग की दबिश में 8 आरोपी गिरफ्तार
काले हिरण के शिकार का भंडाफोड़, वन विभाग की दबिश में आरोपी गिरफ्तार
घमंडिया (सच कहूँ न्यूज़)। Suratgarh News: सूरतगढ़ वन क्षेत्र के ग्राम पंचायत ढाबां झल्लार के चक 18 एलजीडब्ल्यू की रोही में संरक्षित वन्यजीव काला हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। शिकार की घटना शनिवार देर रात की है। सूचना मिलते ही सूरतगढ़ वन विभाग के रैंजर रूद्र प्रताप शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने दबीश देकर घटनास्थल से काला हिरण का कच्चा व पका हुआ मांस, खाल तथा जमीन में दफनाये शव के क्षत-विक्षत अवशेष बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पर्यावरण प्रेमी मांगीलाल बिश्नोई ने वन विभाग को शिकार की सूचना दी। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी रुद्र प्रताप शुक्ला के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में वनपाल ललित कुमार, सहायक वनपाल भगवान सहाय, वनरक्षक राजूराम, सुरेंद्र, करण यादव तथा महिला वनकर्मी रजनी और पुष्पा शामिल थीं। वन विभाग ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया और वन्यजीव के अवशेष जब्त कर लिए। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा तथा शिकार में प्रयुक्त साधनों और अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान खिराजवाला वेलफेयर फाउंडेशन से महावीर बिश्नोई ,जीव रक्षक दिनेश डेलू, राजेंद्र बिश्नोई, बलदेव बिश्नोई, मोनू बिश्नोई, सोनू सिद्ध, अनिल बिश्नोई और दिनेश बिश्नोई ,राहुल सहित कई वन्यजीव प्रेमियों ने वन विभाग का सहयोग किया। वहीं मौके पर सुधीर गोदारा, दिनेश बिश्नोई, बलदेव गोदारा, राहुल गोदारा, अजय और अमित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काले हिरण शिकार के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गिरफ्तार आरोपी:
रैंजर रूद्र प्रताप शुक्ला ने बताया की काले हिरण शिकार मामले में शनिवार मध्य रात्रि को दबिश देकर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी राजूराम(42) पुत्र भगवानाराम बावरी(चक 7 एसजीआर), सुनील कुमार(25) पुत्र कालूराम नायक (चक 18 एलजीडब्ल्यू), कालूराम(45) पुत्र नत्थूराम नायक (चक 18 एलजीडब्ल्यू), विनोद कुमार(44) पुत्र नानकराम नायक (प्रेमपुरा ढाणी संघर), मैनपाल(24) पुत्र कालूराम नायक (चक 18 एलजीडब्ल्यू), प्रवीण कुमार (21)पुत्र प्रीतम पाल सिंह यादव (चक 18 एलजीडब्ल्यू), प्रीतम पाल सिंह(47) पुत्र रघुवीर सिंह यादव(चक 18 एलजीडब्ल्यू) तथा कृष्ण लाल(42) पुत्र आतराम नायक राजपुरा पीपेरन का निवासी है । रैंजर ने कहा की मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
