‘ऑपरेशन प्रहार’: पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में 37 लोग किए गिरफ्तार
बरनाला में नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश
बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: बरनाला पुलिस ने रविवार को ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ अभियान और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में घेराबंदी कर विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 177 पुलिस कर्मियों ने कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के संदेह में 132 लोगों को हिरासत में लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ अभियान और ‘आॅपरेशन प्रहार’ के तहत जिलेभर में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान नशा तस्करी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि बरनाला शहर में नगर निगम कार्यालय के पीछे का क्षेत्र, सेंसी बस्ती, बस स्टैंड के आसपास का इलाका तथा तपा के बाजीगर बस्ती और भदौड़ सहित अन्य स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 177 पुलिस कर्मियों ने नशा तस्करी से जुड़े लोगों के घरों और अन्य ठिकानों की गहन तलाशी ली। इस दौरान 132 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनमें से 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त 41 अन्य लोगों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की गई। एसएसपी ने नशा तस्करी में शामिल लोगों को अपने गैरकानूनी गतिविधियों से बाज आने की कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बावजूद किसी ने ऐसे कार्य जारी रखे, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।