Building Collapse: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में 54 साल पुरानी इमारत गिरी, 2 की मौत, 5 घायल

इमारत में चल रहा था स्क्रैप का काम, जर्जर स्थिति माना जा रहा हादसे का कारण

Published On

चंडीगढ़ (एजेंसी)। Chandigarh News: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। राहत एवं बचाव कार्य करीब साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और चंडीगढ़ प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। मृतकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी तरुण जैन (45) और तरुण कौशिश (48) के रूप में हुई है।

वहीं कुलदीप सिंह, कुलबीर सिंह, उमेश, राहुल और अजीत को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जीवित बचे रमेश कुमार ने बताया कि घटना के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे। शाम करीब 4:20 बजे अचानक भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ और पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। इसके बाद पुलिस और बचाव दल ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला ने बताया कि प्लॉट नंबर 28/9 स्थित इस पुरानी इमारत में स्क्रैप का काम चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर इमारत की जर्जर स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है।

100 पुरानी इमारतों की होगी जांच

केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान दो इमारतें गिर चुकी हैं, जबकि एक अन्य इमारत की छत भी ढह गई। इन घटनाओं के बाद चंडीगढ़ प्रशासन सतर्क हो गया है। चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव ने शहर की लगभग 100 पुरानी इमारतों की आॅडिट रिपोर्ट तलब की है। यदि आॅडिट के दौरान किसी इमारत में गंभीर संरचनात्मक खामियां पाई जाती हैं, तो उसे गिराकर दोबारा बनाया जाएगा। चंडीगढ़ का निर्माण वर्ष 1952 में शुरू हुआ था। शहर में कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतें और कार्यालय हैं, जिनमें पंजाब सचिवालय, हरियाणा सचिवालय, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा पंजाब और हरियाणा विधानसभा शामिल हैं। इसके अलावा शहर में बड़ी संख्या में सरकारी आवास भी हैं, जहां विभिन्न विभागों के कर्मचारी रहते हैं। 

Chandigarh News (2)

About The Author

Latest News

‘ऑपरेशन प्रहार’: पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में 37 लोग किए गिरफ्तार
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के दिव्यांग क्रिकेट प्रमुख से मिले पूर्व राज्य आयुक्त उमा शंकर शर्मा, भारत में दिव्यांग क्रिकेट की तरक्की की और सार्थक कदम
Building Collapse: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में 54 साल पुरानी इमारत गिरी, 2 की मौत, 5 घायल
कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने सीएम भगवंत सिंह मान को घेरने के लिए ‘टीम ए, बी, सी’ बना ली है क्योंकि उनके पास आप सरकार के कामों का कोई जवाब नहीं है: बलतेज पन्नू
4.43 लाख से अधिक मरीज, 782 करोड़ रुपये का कैशलेस उपचार: भगवंत मान सरकार की ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ से बदल रही है पंजाब के स्वास्थ्य ढांचे की तस्वीर

Related Posts