तोशाम में बदहाल सड़कें बनीं परेशानी, कांग्रेस ने किया विरोध
तोशाम की सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
तोशाम (सच कहूँ/वीरेंद्र)। Tosham News: कस्बे की बदहाल सड़कों और गलियों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा है। कांग्रेस ब्लाक प्रधान दिलबाग बेडवाल दरियापुर और युवा हल्का प्रधान मंदीप दुहन ढाणीमाहू ने शुक्रवार को तोशाम की विभिन्न गलियों का दौरा कर दुकानदारों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि तोशाम की विधायक प्रदेश सरकार में मंत्री और सांसद होने के बावजूद कस्बे के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों की अनदेखी के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से डाकघर वाली गली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति बेहद खराब है। हल्की वर्षा होते ही पूरी गली में पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दुकानदारों को ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गली में फैली गंदगी और बदबू के कारण आसपास के लोगों का जीना भी दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष यह समस्या उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि कस्बे की जर्जर गलियों की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों और दुकानदारों को राहत मिल सके। इस अवसर पर दिनेश धनखड़, हरिश सरपंच तोशामिया, अनिल लेघा, अनिल नलोई सहित अनेक कार्यकर्ता व दुकानदार मौजूद थे।