शिक्षा और रोजगार
थानों की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए आईजी सिमरदीप सिंह का बड़ा एक्शन
चरखी दादरी में किया औचक निरीक्षण
भिवानी/चरखी दादरी (सच कहूँ न्यूज)। Charkhi Dadri News: हरियाणा में अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य स्तरीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सिमरदीप सिंह ने चरखी दादरी क्षेत्र के थानों और पुलिस संस्थानों का अचानक औचक निरीक्षण किया। आईजी के इस औचक दौरे से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड, जांच के तरीकों और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की।
मीडिया से विशेष बातचीत में आईजी सिमरदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलिस जांच के स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि अदालतों में अपराधियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश कर सजा की दर को बढ़ाया जा सके। देश में लागू हुए तीन नए कानूनों के तहत जमीनी स्तर पर क्या प्रगति है, इसका भी थानों में जाकर मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चरखी दादरी सहित पूरे रेंज में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी रिकवरी की गई है। अब पुलिस कई सालों से नशे के अवैध धंधे में शामिल बड़े डीलरों के खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत निवारक नजरबंदी की कार्रवाई शुरू कर रही है। इसके अलावा, गांवों से सटीक खुफिया जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीमों में महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी अनिवार्य की जा रही है।
ताकि ग्रामीण महिलाएं बिना किसी झिझक के नशा तस्करों की जानकारी दे सकें। विदेशों से आने वाली रंगदारी की फोन कॉल्स और गैंगस्टरों के खौफ पर बोलते हुए आईजी ने प्रदेश के व्यापारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि बीच में रंगदारी के मामलों में एक उछाल आया था, लेकिन हरियाणा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे काफी हद तक काबू कर लिया है। आईजी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पुलिस का एकमात्र उद्देश्य राज्य के नागरिकों और व्यापारियों को पूरी तरह सुरक्षित, शांत और अनुकूल माहौल देना है और इसके लिए अपराधियों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत सख्त एक्शन जारी रहेगा।