Body Donation: प्यारा सिंह इन्सां बने देहदानी व नेत्रदानी दो जिंदगियों को मिलेगी नई रोशनी
सचखंडवासी प्यारा सिंह इन्सां की अंतिम इच्छा की पूरी, बेटियों व पुत्रवधू ने अर्थी को कंधा देकर दिया बेटा-बेटी एक समान का संदेश
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Body Donation: ब्लॉक कल्याण नगर की सच्ची प्रेमी समिति की सेवादार बहन हरजीत कौर इन्सां के पति प्यारा सिंह इन्सां पुत्र स्व. हरदम सिंह इन्सां ने बीते दिनों अपनी सांसारिक यात्रा पूर्ण कर कुल मालिक के चरणों में सचखंड जा विराजे। उनके मरणोपरांत स्वजनों ने उनकी अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए मानवता भलाई के कार्यों में प्रेरणादायक योगदान दिया। परिवार की सहमति और ब्लॉक कल्याण नगर के सहयोग से अमर सेवा मुहिम के तहत उनकी पार्थिव देह हरियाणा के झज्जर स्थित बीडीएम कॉलेज आॅफ आयुर्वेद साइंस एंड हॉस्पिटल, छछकवास, झज्जर को चिकित्सा एवं शोध कार्यों के लिए दान की गई।
इसके साथ ही ज्योतिदान मुहिम के अंतर्गत उनकी दोनों आंखें शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल स्थित पूज्य माता करतार कौर जी इंटरनेशनल आई बैंक में दान की गईं, जिससे जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। इस सेवा कार्य की साध-संगत और क्षेत्रवासियों ने सराहना की। सचखंडवासी के आवास कल्याण नगर गली नंबर-3 से अरदास का पवित्र शब्द बोलकर उनकी पार्थिव देह को फूलों से सुसज्जित एंबुलेंस में रखा गया। इसके बाद आवास से लेकर शाह सतनाम जी मार्ग होते हुए शाह मस्ताना जी-शाह सतनाम जी धाम डेरा सच्चा सौदा सरसा तक अंतिम विदाई यात्रा निकाली गई।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा का इलाही नारा बोलकर पार्थिव देह को मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया। अंतिम विदाई के दौरान डेरा सच्चा सौदा की बेटा-बेटी एक समान मुहिम की झलक भी देखने को मिली। सचखंडवासी की बेटियां मनप्रीत कौर और गुरविंद्र कौर तथा पुत्रवधू हरजीत कौर ने अर्थी को कंधा देकर समाज को समानता और नारी सम्मान का सशक्त संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।
इस अवसर पर ब्लॉक कल्याण नगर की सच्ची प्रेमी समिति के जिम्मेवार सेवादार, परिवारजन, रिश्तेदार, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में साध-संगत मौजूद रही। सभी ने सचखंडवासी प्यारा सिंह इन्सां को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की।
About The Author