इंसानियत' मुहिम: डेढ़ माह से लापता बुजुर्ग को सकुशल परिवार से मिलाया
डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने पेश की मानवता की मिसाल
संगरिया (सच कहूँ/सुरेन्द्र जग्गा)। Sangaria News: डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणाओं पर चलते हुए संगरिया ब्लॉक के सेवादारों ने 'इंसानियत' मुहिम के तहत एक बार फिर मानवता का परचम लहराया है। शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों ने न केवल एक बेसहारा, मानसिक रूप से विक्षिप्त बुजुर्ग को संभाला, बल्कि महज 7 घंटे के भीतर सोशल मीडिया की मदद से उनके परिवार को ढूंढ़कर उन्हें सकुशल घर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 29 जून को रतनपुरा कैंची पर करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग बेहद दयनीय हालत में इधर-उधर घुम रहा था। जिस पर सेवादार लाल चंद इन्सां की नजर पड़ी। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग को अपने पास बिठाया, चाय-पानी पिलाया और प्यार से पूछताछ की तो बुजुर्ग ने अपना नाम कालू राम बताया। लाल चंद इन्सां व लवली गर्ग ने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने को सूचित किया और बुजुर्ग को 'एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केंद्र' लेकर आए। यहाँ सेवादारों ने उनकी सुध लेते हुए उन्हें नहलाया-धुलाया, बाल कटवाए, नए कपड़े पहनाए और भोजन कराया।
सोशल मीडिया से महज 7 घंटे में मिला परिवार
परिजनों की तलाश के लिए सेवादारों ने सोशल मीडिया नेटवर्क का सहारा लिया। सेवादारों के सेवा भाव और अथक प्रयासों का ही नतीजा था कि मात्र 7 घंटे के भीतर बुजुर्ग के परिवार का पता चल गया। वे हरियाणा के सिरसा जिले के गांव मुनावाली के रहने वाले निकले। जब कालू राम के बेटे केसरा राम से संपर्क हुआ, तो परिवार के आंसू छलक पड़े। बेटे ने बताया कि उसके पिता मानसिक परेशानी के कारण करीब डेढ़ महीने पहले बिना बताए घर से कहीं चले गए थे। पूरा परिवार उन्हें जगह-जगह ढूंढ़कर थक चुका था और उनकी आस टूट चुकी थी।
सेवादारों ने खुद गाड़ी कर घर पहुंचाया
खुशखबरी मिलने के बाद भी परिवार के सामने एक बड़ी समस्या यह थी की घर में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं था, जो राजस्थान के संगरिया आकर बुजुर्ग को वापस ले जा सके। ऐसे में सेवादार लाल चंद इन्सां, मोनू गोयल इन्सां, गुरचरण खोसा इन्सां और संदीप बाघला इन्सां ने खुद एक टैक्सी गाड़ी का इंतजाम किया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सेवादार बुजुर्ग कालू राम को खुद उनके गांव मुनावाली (हरियाणा) छोड़कर आए। भावुक हुए परिजनों ने सेवादारों का धन्यवाद किया और कहा कि डेरा सच्चा सौदा के सेवादार उनके लिए भगवान का रूप बनकर आए हैं। पूरे परिवार ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां और साध-संगत का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
पुनीत कार्य में इन्होंने किया सहयोग
इस पुनीत कार्य में शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के जिम्मेवार लालचंद इन्सां, महेश गोयल इन्सां, गुरचरण खोसा इन्सां, मोनू इन्सां, संदीप बाघला इन्सां अमरा राम इन्सां, सुखदेव इन्सां विनोद हांडा इन्सां सहित ब्लॉक प्रेमी सेवक लवली गर्ग इन्सां व सुरेन्द्र जग्गा ने मुख्य भूमिका निभाई।