देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी आज होगी राष्ट्र को समर्पित

79,459 करोड़ रुपये की रिफाइनरी से बदलेगी राजस्थान की तस्वीर, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

Published On

जोधपुर (सच कहूँ न्यूज)। Jodhpur News: देश के ऊर्जा क्षेत्र में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालोतरा जिले के पचपदरा में 79,459 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देश की पहली हाईटेक ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। नौ मिलियन मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाली यह रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल उत्पादन को नई गति देने के साथ भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी। 

अत्याधुनिक नियंत्रण प्रणाली से होगी निगरानी: प्रधानमंत्री रिफाइनरी के मुख्य नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र पूरे संयंत्र का संचालन नियंत्रित करने वाला प्रमुख तंत्र है, जहां से कच्चे तेल को पेट्रोल, डीजल और जेट ईंधन में बदलने वाली सभी प्रमुख इकाइयों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। पहली बार किसी उद्घाटन कार्यक्रम का ग्राम पंचायत से लेकर नगर निगम स्तर तक सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेशभर के लगभग 57 लाख लोगों को कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जोड़ने की तैयारी की गई है। 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह के अनुसार आमंत्रित अतिथियों के लिए अलग-अलग प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सभी प्रवेश द्वारों पर जांच अनिवार्य होगी तथा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम स्थल में निजी वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

अप्रैल में टला था उद्घाटन

रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 20 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन 19 अप्रैल को ट्रायल के दौरान मुख्य संयंत्र में आग लगने की घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद इंजीनियरों और पेट्रोलियम मंत्रालय के समन्वय से आवश्यक सुधार कार्य किए गए। सफल परीक्षणों के बाद अब रिफाइनरी का उद्घाटन शनिवार को किया जा रहा है।

Jodhpur News

About The Author

Related Posts