करणी चौक से तिलक सर्किल तक अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य शुरू

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल की पहल लाई रंग, कलक्टर व नगर परिषद आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापनों के बाद शुरू हुई कार्रवाई

Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में करणी चौक से तिलक सर्किल तक पिछले करीब एक वर्ष से अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण कार्य की आखिरकार शुरुआत हो गई है। बुधवार को सड़क पर सफाई कार्य शुरू कर दिया गया। सफाई पूरी होने के बाद सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। लंबे समय से केवल पत्थर बिछाकर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। Hanumangarh News

सड़क पर डामर नहीं होने से दिनभर धूल-मिट्टी उड़ती रहती थी, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को परेशानी होती थी। वहीं पत्थरों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता था तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। यह मार्ग सिविल लाइंस क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और अन्य नागरिक आवागमन करते हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने इस समस्या को लेकर जिला कलक्टर और नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई थी। उन्होंने ज्ञापनों में बताया था कि करीब एक वर्ष से सड़क पर केवल पत्थर बिछाकर कार्य रोक दिया गया है, जिससे लोगों को धूल-मिट्टी, खराब यातायात व्यवस्था और दुर्घटनाओं के खतरे जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने जनहित को देखते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की मांग की थी। अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताते हुए प्रशासन से इसे शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है, ताकि लंबे समय से चली आ रही परेशानी से आमजन को स्थायी राहत मिल सके। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts