फ्लोर मिल में रात के अंधेरे में चोरी, गल्ले से 98 हजार रुपए पार

भिरानी थाना क्षेत्र के अजीतपुरा की घटना, दीवार फांदकर दुकान में घुसे अज्ञात चोर

Published On

हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के अजीतपुरा गांव स्थित एक फ्लोर मिल में अज्ञात चोर की ओर से करीब 98400 रुपए नकद चोरी करने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, राकेश कुमार (31) पुत्र शिशपाल निवासी अजीतपुरा तहसील भादरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता शिशपाल के नाम से गांव में लाखलान फ्लोर मिल संचालित है, जिसकी देखरेख वह करते हैं। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया गया कि 21 जून की रात करीब 8.30 बजे निहाल सिंह निवासी झाझड़िया ढाणी उनकी दुकान पर आया और अपने मामा शिशपाल महला को देने के लिए 68400 रुपए नकद सौंपे। निहाल सिंह ने अपने मोबाइल फोन से शिशपाल महला से बात भी करवाई, जिन्होंने बाद में राशि लेने आने की बात कही। राकेश कुमार ने यह राशि दुकान के गल्ले में रख दी। गल्ले में पहले से दुकान के करीब 30 हजार रुपए भी रखे थे, जिससे कुल नकदी लगभग 98400 रुपए हो गई।

परिवादी के अनुसार, दुकान बंद करते समय उन्होंने गल्ले की चाबी गद्दे के नीचे रख दी और घर चले गए। आरोप है कि उसी रात अज्ञात चोर दुकान की दीवार फांदकर मशीन के पट्टे के लिए बने छेद से अंदर घुसा। उसने गल्ले की चाबी निकालकर गल्ला खोला, उसमें रखी पूरी नकदी चोरी कर ली और चाबी भी अपने साथ ले गया।

अगले दिन 22 जून की सुबह जब राकेश कुमार दुकान पहुंचे तो गल्ले की चाबी नहीं मिली। घर पर रखी दूसरी चाबी से गल्ला खोलने पर उसमें रखी पूरी नकदी गायब मिली। भिरानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल इंद्राज सिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts