Attacked: पार्क में खेल रहे किशोर पर हमला, मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने का आरोप
जंक्शन थाना पुलिस क्षेत्र के विनय वाटिका पार्क का मामला
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने विनय वाटिका पार्क में एक किशोर के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन छीनने के आरोप में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घायल किशोर का राजकीय चिकित्सालय में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, लोको कॉलोनी, वार्ड संख्या 16, गांधीनगर निवासी मदनलाल (65) पुत्र करताराराम धाणक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पोता देव पुत्र अनिल कुमार 28 जून की शाम करीब 7.30 बजे विनय वाटिका पार्क में खेलने गया था। Hanumangarh News
आरोप है कि वहां गांधीनगर निवासी जीतू, नवी, अमृत और रोहित पहुंचे तथा पहले देव के साथ छेड़छाड़ की और बाद में उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि चारों आरोपियों ने देव के साथ लात-घूंसों से मारपीट की तथा उसकी कमर के पीछे सुआ से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने देव से 5 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी छीन लिया।
परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपी नशे के आदी हैं और आए दिन नशा कर झगड़ा एवं मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। घटना के बाद घायल देव को उपचार के लिए टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News