दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा ने राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर का किया भव्य स्वागत, आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियां गिनाईं
दिल्ली भाजपा ओबीसी मोर्चा ने राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर का किया भव्य स्वागत, आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियां गिनाईं
नई दिल्ली। राजस्थान से राज्यसभा सांसद एवं दिल्ली सह प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर का दिल्ली प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव, जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ऋचा पांडे, यू.के. चौधरी, पूर्व विधायक नसीब सिंह, सुरेंद्र सोलंकी, जयप्रकाश चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अलका गुर्जर ने आयोजन की सफलता के लिए ओबीसी मोर्चा के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समर्पण, सहयोग और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ने इस समारोह को ऐतिहासिक, गरिमामयी और अविस्मरणीय बना दिया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का आधा समय पूरा होने वाला है और इन छह महीनों के दौरान देश ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां विशेष रूप से देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हुई हैं।
डॉ. गुर्जर ने बताया कि हाल ही में उन्हें कोलकाता में भारतीय नौसेना के एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला, जहां आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि इन युद्धपोतों की डिजाइन से लेकर निर्माण तक पूरा कार्य देश में ही किया गया है, जो भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का मजबूत उदाहरण है।
उन्होंने आगे कहा कि जून महीने में एविएशन सेक्टर में भी भारत ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 'मेड इन इंडिया' सी-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी की है। उन्होंने बताया कि ऐसे 40 विमान भारत में ही तैयार किए जा रहे हैं, जिससे देश के एमएसएमई और एयरोस्पेस सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के तहत देश रक्षा, विमानन, विनिर्माण और तकनीक जैसे क्षेत्रों में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में भारत वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरेगा।