Rajasthan Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल

टाउन थाना क्षेत्र के 11 एमडब्ल्यूएम मार्ग पर हुआ हादसा

Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, लालचंद (58) पुत्र महादेव मेघवाल निवासी अराईयांवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जून की रात करीब 8 से 8.30 बजे उनका भतीजा प्रशांत कुमार पुत्र मोहनलाल, अशोक कुमार पुत्र पलाराम तथा मोटर साइकिल चालक महिपाल पुत्र चेतराम निवासी रावतसर, मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसटी 5498 से रावतसर से अराईयांवाली लौट रहे थे। Hanumangarh News

रिपोर्ट के अनुसार, चक 11 एमडब्ल्यूएम की ओर जाने वाली सड़क पर सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे मोटर साइकिल उसकी चपेट में आ गई। हादसे में प्रशांत कुमार और अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक महिपाल को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व सरपंच भागीरथ गोदारा मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को पहले रावतसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हनुमानगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।

गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को आगे श्रीगंगानगर स्थित जनसेवा अस्पताल भेजा गया। बाद में प्रशांत कुमार को बेहतर उपचार के लिए टांटिया अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अशोक कुमार को गंभीर हालत के कारण बीकानेर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिवादी ने बताया कि प्रशांत कुमार अपनी मौसी के घर जोरावरपुरा गया हुआ था। वापसी के लिए साधन नहीं मिलने पर उसने फोन किया, जिसके बाद महिपाल उसे रास्ते से साथ लेकर आ रहा था। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक किशोर मान को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts