Rajasthan Crime: मंदिर की भूमि को लेकर खूनी संघर्ष, फसल पलटने का विरोध करने पर मां-बेटे पर हमला

नोहर थाना क्षेत्र में कृषि भूमि पर कब्जे के विवाद ने लिया हिंसक रूप

Published On

हनुमानगढ़। नोहर थाना क्षेत्र में मंदिर की कृषि भूमि पर कब्जे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खड़ी ग्वार की फसल को कथित रूप से नष्ट करने का विरोध करने पर मां-बेटे पर लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगा है। नोहर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार, सत्यनारायण (62) पुत्र गोपालदास स्वामी निवासी वार्ड नंबर 1, चक सरदारपुरा, नोहर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के ठाकुर जी मंदिर की करीब 154 बीघा भूमि में से 27 बीघा पर वह लंबे समय से खेती कर रहे हैं, जबकि शेष भूमि पर उनके भाई खेती करते हैं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 28 जून को दोपहर करीब 12 बजे उनके बड़े भाई भगवानाराम, राजेंद्र, भांजे राजेंद्र पुत्र सुल्तान निवासी श्रीगंगानगर, राजपाल पुत्र सुल्तान निवासी झुमियांवाली, पंजाब, शंकरदास पुत्र गोमनदास निवासी फेफाना तथा 10-15 अन्य व्यक्ति, जिन्हें गोगामेड़ी क्षेत्र का बताया गया है, एक राय होकर अवैध कब्जे की नीयत से खेत में पहुंचे और ट्रैक्टर से खड़ी ग्वार की फसल पलटने लगे।

परिवादी के अनुसार, इसका विरोध करने के लिए उनका पुत्र संजय कुमार (25) और पत्नी रुकमा देवी खेत में पहुंचे। आरोप है कि विरोध करते ही सभी आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे के पाइप, रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में संजय कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि रुकमा देवी के साथ मारपीट कर उन्हें ट्रैक्टर के पीछे बांधकर घसीटने का भी आरोप लगाया गया, जिससे उनके कमर, पेट और पैरों में गंभीर चोटें आईं।

रिपोर्ट में बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ आरोपी फरार हो गए, जबकि कुछ को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। घायल संजय कुमार को पहले उप जिला चिकित्सालय, नोहर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत होने के कारण उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। नोहर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मोहर सिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News

किसान से मारपीट, फेंके टूटी बोतलों के शीशे

हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में कृषि भूमि पर काम कर रहे एक किसान के साथ मारपीट और जानबूझकर टूटी बोतलों के शीशे फेंककर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर एक नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार, राकेश कुमार (27) पुत्र हवासिंह निवासी छानीबड़ी तहसील भादरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती का कार्य करता है तथा चक 3 सीएचएन स्थित शामिल खाते की कृषि भूमि में अपने हिस्से की जमीन पर खेती करता है। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जून को सुबह करीब 9.30 बजे बारिश के बाद वह अपने खेत में ट्रैक्टर से बान कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी बलजीत पुत्र बलवान सिंह कथित रूप से उसके कब्जे वाली कृषि भूमि में घुस आया और खाली बोतलों के शीशे तोड़कर खेत में फेंकने लगा।

जमीन विवाद को लेकर ईंट से हमला व अंगुली काटने का आरोप

आरोप है कि ऐसा उसने नुकसान पहुंचाने की नीयत से किया। परिवादी के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और उसे ट्रैक्टर से नीचे पटक दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ थप्पड़ों और मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने राकेश कुमार के दाहिने हाथ की छोटी अंगुली तथा दोनों हाथों पर दांतों से काट लिया।

इतना ही नहीं, जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर उसके बाएं बाजू पर भी वार किया, जिससे उसे चोटें आईं और अंगुली से खून बहने लगा। शोर सुनकर राकेश कुमार की माता, जो उसके लिए चाय लेकर खेत में आई थीं, तथा पड़ोस में काम कर रहे विकास पुत्र भूपसिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। भिरानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बलजीत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts