धूरी डबल मर्डर केस में 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाइक बरामद

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाया धूरी के दो युवकों की हत्या का मामला 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 बाईक भी बरामद

Published On

संगरूर (गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार)। Sangrur News: जिला पुलिस संगरूर ने थाना सिटी धूरी क्षेत्र में दो युवकों की हत्या के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए 6 कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि 7 जुलाई को कक्कड़वाल रोड पर एक दुकान के पास लब्बू पुत्र अशोक कुमार, सावन, प्रिंस, करण रटोल, नीरज, विक्की, रिंकू, मोगली पुत्री राज कुमार निवासी पोलो बस्ती धूरी तथा 7-8 अज्ञात व्यक्तियों ने देव कुमार उर्फ देबू और अनिल पर घातक हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। इस संबंध में थाना सिटी धूरी में मामला दर्ज कर जाँच शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी (इन्वेस्टिगेशन) संगरूर दविन्द्र अत्तरी के नेतृत्व में, डीएसपी (डिटेक्टिव) सुखदेव सिंह तथा डीएसपी सब-डिवीजन धूरी गुरप्रीत सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर संदीप सिंह (इंचार्ज सीआईए संगरूर) और इंस्पेक्टर जसवीर सिंह (एसएचओ थाना सिटी धूरी) की टीमों का गठन किया गया। तकनीकी जाँच के दौरान बुधवार को आरोपी लब्बू, सावन, प्रिंस, करण धूरी, रमन और पवन को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए। एसएसपी ने बताया कि जाँच के दौरान यह सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच 14 जून को झगड़ा हुआ था, जिसके संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी धूरी में मामला दर्ज किया गया था। उसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Sangrur News

About The Author

Related Posts