शिक्षा और रोजगार
जल आपूर्ति व स्वच्छता विभाग में 52 नवनियुक्त कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग को मिले 52 नए कर्मचारी
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: पंजाब के जल आपूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को पंजाब भवन में आयोजित समारोह के दौरान विभाग के 52 नवचयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए मुंडिया ने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर होगी और चल रही तथा आगामी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि ये 52 नियुक्तियां सरकार की अनुकंपा नियुक्ति नीति के तहत की गई हैं।
इनमें तीन जूनियर ड्राफ्ट्समैन, 9 क्लर्क, 31 सेवादार, एक सफाईकर्मी, सात जूनियर तकनीशियन और एक हेल्पर तकनीशियन शामिल हैं। उन्होंने नवचयनित कर्मचारियों से ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार एक ओर लोगों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल और स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। मुंडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार विभिन्न विभागों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपना रही है।
इसी के तहत अब तक राज्य के युवाओं को 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि आज की 52 नियुक्तियों के साथ वर्ष 2022 से अब तक जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग में विभिन्न श्रेणियों में कुल 520 भर्तियाँ की जा चुकी हैं। इनमें पहले की गई 468 नियुक्तियों में 44 सब-डिवीजनल इंजीनियर, 97 जूनियर इंजीनियर, 81 जूनियर ड्राफ्ट्समैन, 41 क्लर्क, 27 स्टेनोटाइपिस्ट, 25 जूनियर तकनीशियन, 76 हेल्पर तकनीशियन, 71 सेवादार, एक चौकीदार और पांच सफाईकर्मी शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी राज्य के विभिन्न जिलों में अपनी सेवाएंँ दे रहे हैं।
