Voter Card News: अब एक ही बूथ पर जुड़ेंगे पूरे परिवार के वोट
फॉर्म-8 भरकर बदल सकेंगे मतदान केंद्र, 21 जुलाई से करें आवेदन
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान यह सामने आया है कि कई परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। ऐसी स्थिति प्राय: उन क्षेत्रों में बनती है, जहां एक ही भवन में दो अलग-अलग मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवार चाहता है कि उसके सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों, तो प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 के प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान फॉर्म-8 भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन का अनुरोध किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाताओं से अपील की कि वे फॉर्म-6 भरते समय अपने परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का विवरण सही और पूर्ण रूप से दर्ज करें। साथ ही आवेदन उसी मतदान केंद्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से जमा करें। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं और वे उन्हें एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करवाना चाहते हैं, तो 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित अवधि में फॉर्म-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
