शिक्षा और रोजगार
बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों ने किया हांसी-बरवाला रोड जाम, आश्वासन के बाद खोला
पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने का आरोप, अधिकारियों के फोन न उठाने से बढ़ा आक्रोश
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी के गांव घिराय में लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने रविवार सुबह हांसी-बरवाला रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुए प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सतीश बूरा ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा। उनका कहना था कि शहरों में 24 घंटे बिजली देने के दावे किए जाते हैं, जबकि गांवों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे आम लोगों और किसानों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली लाइनों में कोई तकनीकी खराबी नहीं है, फिर भी पर्याप्त बिजली नहीं दी जा रही। साथ ही अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।
जाम की सूचना पर भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बिजली आपूर्ति में स्थायी सुधार की मांग पर अड़े रहे। विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया जिसके बाद जाम खोला गया।
About The Author