शिक्षा और रोजगार
Sonipat News: गन्नौर की बेटी शिवानी का वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर भव्य सम्मान
पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात, विधायक देवेंद्र कादियान ने किया सम्मानित
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज)। गन्नौर उपमंडल के गांव लड़सौली की बेटी शिवानी मोर के भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर शनिवार को गांव में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक देवेंद्र कादियान ने शिवानी मोर को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। Sonipat News
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि किसान परिवार की बेटी का भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और देश की सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। शिवानी की उपलब्धि अन्य युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह में परिजनों और ग्रामीणों ने शिवानी मोर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता से गांव के बच्चों और युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।