Fraud Alert: फतेहाबाद के भट्टूकलां में फास्ट फूड रेहड़ी संचालक से 6 लाख की ठगी
विदेशी पार्सल और डायमंड हार का झांसा देकर कस्टम शुल्क व डिलीवरी चार्ज के नाम पर ऐंठी रकम
फतेहाबाद/भट्टू कलां (सच कहूँ न्यूज)। फतेहाबाद जिले के भट्टूकलां में एक फास्ट फूड रेहड़ी संचालक से विदेशी पार्सल और डायमंड हार भेजने का झांसा देकर 6 लाख 100 रुपये की कथित साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Fatehabad News
पुलिस को दी शिकायत में भट्टूकलां निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। 14 मई को उसकी बेटी दिव्या के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम रवि बताते हुए कहा कि वह विदेश से भारत आ रहा है और दिव्या के लिए हीरे का हार भेज रहा है। उसने भारत आने की अनुमति के नाम पर 10,100 रुपये मांगे और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेज दिया।
झांसे में आकर 18 मई को यह राशि भेज दी गई। इसके बाद खुद को कस्टम अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने फोन कर कहा कि पार्सल छुड़ाने के लिए कस्टम शुल्क देना होगा। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किश्तों में 85 हजार रुपये भेज दिए। बाद में डिलीवरी शुल्क और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर गांव के एक सीएससी केंद्र के माध्यम से भी कई बार पैसे ट्रांसफर कराए गए।
इसी दौरान पार्सल की डिलीवरी सुनिश्चित करने का झांसा देकर तीन अलग-अलग लेनदेन में 3.80 लाख रुपये और वसूल लिए गए। इस तरह कुल 6 लाख 100 रुपये ठगों के खाते में जा चुके थे। पीड़ित ने तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस संबंधित बैंक खातों, लेनदेन और व्हाट्सएप नंबर के तकनीकी विवरण की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। Fatehabad News
About The Author